टीडी लॉ कालेज पीली कोठी के शिक्षकों और कर्मचारियों ने छात्रों की ओर से धमकी दिए जाने के विरोध में बृहस्पतिवार को कालेज का गेट बंदकर प्रदर्शन किया।
छात्रनेता और उनके समर्थकों पर अभद्रता करने और मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। टीडी कालेज छात्रसंघ के नेता और उसके समर्थकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई।
ला कालेज के विभागाध्यक्ष डा. सूर्य प्रकाश सिंह ने लाइन बाजार थाने में तहरीर देकर अभद्रता करने और धमकी देने का आरोप लगाया है।
थाने पर दी गई तहरीर पर डा. सूर्य प्रकाश सिंह ने कहा कि छात्रसंघ के नेता और उसके साथी गुरुवार को समर्थकों के साथ कालेज में 11 बजे पहुंचे। शिक्षक कक्ष में घुसकर प्राध्यापक डा. राजेश सिंह, डा. सुधीर कुमार मिश्र, सत्येंद्र सिंह,
दिग्विजय सिंह, विमलेश कुमार सिंह, अर्जुन सिंह, अजय कुमार शर्मा और अन्य कर्मचारियों से दुर्व्यवहार किया और मारने की धमकी दी। 12 अप्रैल को भी इन लोगों ने प्रैक्टिकल की परीक्षा के दौरान कालेज में अभद्रता की थी। छात्रसंघ अध्यक्ष और उनके समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।