शहर की चौपट यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने और अपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस महकमें ने नई पहल की है। इसके तहत शहर के मुख्य सड़कों और चौराहों पर हर सौ मीटर पर एक सीसीटीवी कैमरा लगाया जाएगा। बुधवार को ओलंदगंज से शुरुआत की गई। प्रत्येक थाना और चौकी पर 16 से 20 सीसीटीवी कैमरा की मानिटरिंग के लिए सिपाहियों की तैनाती होगी।
जो पल-पल की रिपोर्ट पुलिस कंट्रोल रूम को देंगे। शहर में कहीं भी जाम की स्थिति हुई तो इसकी जानकारी प्रसारित की जाएगी। यही नही वाहन चेकिंग के नाम पर वसूली की पोल भी कैमरे में कैद होगी। इन कैमरों को समय-समय पर पुलिस अफसर भी चेक करेंगे। घटनाओं में अपराधियों की शिनाख्त सीसी टीवी कैमरे से होने के बाद इसे और व्यापक करने का निर्णय एसपी रोहन पी कनय ने लिया। बताया कि ओलंदगंज के सरायपोख्ता चौकी क्षेत्र में कैमरा लगना शुरू हो गया है।