भदेठी कांड में ग्रामीणों को संबोधित करते कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष नद?
- फोटो : JAUNPUR
करंजाकला। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के निर्देश पर कांग्रेस नेताओं का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार की शाम भदेठी पहुंचा। अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष नदीम जावेद के नेतृत्व में पहुंची टीम ने ग्रामीणों से मिलकर पूरे घटना की जानकारी ली। उन्होंने इस मामले को भाजपा की साजिश करार देते हुए सीबीआई जांच की मांग की।
नदीम जावेद ने कहा कि जौनपुर कौमी एकजहती का प्रतीक रहा है। यहां कभी भी सांप्रदायिक झगड़े नहीं हुए, लेकिन जब से भाजपा सरकार बनी है, जौनपुर ही नहीं पूरे उत्तर प्रदेश में एक-दूसरे को आपस में लड़ाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने भदेठी कांड की सीबीआई जांच की मांग की। कहा कि घटना में जो भी इसमें दोषी है, उस पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए,लेकिन कार्रवाई के नाम पर किसी बेगुनाह को फंसाया गया तो यह बर्दाश्त नहीं होगा। एमएलसी एवं पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि भदेठी गांव में हुए झगड़ों में साजिश की बू आती है। जिस तरह से दोनों पक्षों को लड़ा कर रोटी सेंकी जा रही है। यह बर्दाश्त नहीं है। प्रतिनिधिमंडल में प्रदीप नरवाल, उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक कांग्रेस के अध्यक्ष शाहनवाज आलम, बिहार प्रदेश के अध्यक्ष माईनारिटी डिपार्टमेंट मिन्नत रहमानी, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष फैशन तबरेज, शहर अध्यक्ष सौरभ शुक्ला, यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सत्यवीर सिंह, एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष शिखर द्विवेदी, एससी प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव पंकज सोनकर, मुफ्ती हाशिम मेहंदी, रियाज अहमद, नीरज राय, सद्दाम सलमानी, अदनान खान आदि शामिल रहे।