जौनपुर। लाइनबाजार थाना क्षेत्र के पचहटिया निवासी नरेश (32) का शव मंगलवार की भोर में खलसहा रेलवे क्रासिंग पर मिला। अंदेशा जताया जा रहा है कि उसकी हत्या करने के बाद शव को रेलवे लाइन पर फेंक कर दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई है। पुलिस का कहना है कि ट्रेन के धक्के से मौत होना प्रतीत हो रहा है। वैसे पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।
पचहटिया निवासी नरेश की ससुराल खलसहां गांव में है। उसकी पत्नी कई दिनों से अपने बच्चों के साथ ससुराल में ही है। घर पर नरेश के साथ उसकी बूढ़ी मां ही रहती थी वह भी कुछ दिनों से अपने किसी रिश्तेदार के घर गई हैं। नरेश अक्सर पत्नी से मिलने ससुराल जाता था। वह सोमवार की शाम को भी ससुराल गया था। मंगलवार की भोर में गांव की महिलाएं खेत की तरफ जा रही थी तभी रेलवे क्रासिंग पर युवक का शव देखकर शोर मचाया। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने शव की पहचान की तो नरेश की ससुराल के लोग और उसकी पत्नी भी मौके पर पहुंच गई। भीड़ में ही इस बात चर्चा तेज हो गई कि नरेश की हत्या कर किसी ने शव को रेलवे क्रासिंग पर फेंक दिया होगा। हालांकि मृतक की पत्नी या पिरवार के किसी भी सदस्य की तरफ से ऐसा कोई आरोप नहीं लगाया गया है। थानाध्यक्ष लाइनबाजार दिनेश प्रकाश पांडेय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने पर उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।