जौनपुर। सिटी स्टेशन स्थित निजी अस्पताल में कार्यरत युवक की सद्भावना पुल के नीचे लाश मिलने के मामले में सीजेएम ने हत्या का केस दर्ज करने का आदेश दिया है। मृतक की पत्नी के प्रार्थना पत्र पर स़ुनवाई करते हुए सीजेएम ने शुक्रवार को लाइन बाजार थानाध्यक्ष को यह आदेश दिया।
सिटी स्टेशन के निकट संचालित एक हॉस्पिटल में कार्यरत मुकेश चौरसिया का 28 सितंबर की रात सद्भावना पुल के पास लाश मिली थी। उसका झोला और बाइक कुछ दूरी पर पड़ा हुआ था। पत्नी सरिता को जानकारी दी गई थी कि मुकेश ने पुल से कूदकर आत्महत्या कर ली है। बाद में मुकेश के झोले से मिले कागजातों के आधार पर पत्नी ने हत्या कर शव फेंकने की आशंका जताते हुए प्रार्थना पत्र दिया। पुलिस में सुनवाई न होने पर कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। उनका कहना है कि पैसे के लेन-देन को लेकर पति परेशान रहते थे। इसी मामले में उनकी हत्या कर साक्ष्य समाप्त करने के मकसद से शव को फेंका गया है। इसमें अस्पताल से जुड़े कुछ लोगों की भी संलिप्तता हो सकती है। न्यायालय ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया।