खेतासराय। क्षेत्र के पारा कमाल गांव निवासी पत्रकार खुर्शीद अनवर खान को जान से मारने की धमकी देने के मामले में जिले के खेतासराय थाने में कांग्रेस पूर्व विधायक नदीम जावेद, दीपक जायसवाल एवं दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पूर्व विधायक पर 14 दिनों में दूसरा केस है।
खुर्शीद का आरोप है कि सोशल मीडिया पर व्यंगात्मक पोस्ट लिखने के कारण 12 सितंबर की रात पूर्व विधायक नदीम जावेद के गुर्गों ने उन पर प्राण घातक हमला किया था। उनका मोबाईल फोन छीन लिया था। इस मामले में 14 सितंबर को जौनपुर कोतवाली पुलिस ने पूर्व विधायक नदीम जावेद सहित 6 लोगों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज किया था।
इस मुकदमे के बाद खुर्शीद का कहना है कि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं। चार दिन पूर्व उन्होंने एसपी अजय पाल शर्मा से मिलकर मामले की शिकायत की थी। एसपी के निर्देश पर खेतासराय थाने में शनिवार को पूर्व विधायक नदीम जावेद, दीपक जायसवाल सहित दो अज्ञात लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 351 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह ने मुकदमा दर्ज होने की पुष्टि करते हुए कहा कि विवेचना के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।