जौनपुर। रातभर की तेज बारिश ने सड़कों की मरम्मत की पोल खोल दी। कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर ही शुक्रवार को विकास का पहिया धंसा दिखा। सुबह बच्चों को स्कूल लेकर जा रही स्कूल बस का पहिया धंस गया। बस वहीं छोड़कर बच्चों को जैसे-तैसे रवाना किया गया। शहर के कटघरा मार्ग, कचहरी मार्ग आदि जगहों पर भी बारिश के चलते सड़क की बदहाली देखने को मिली। शहर में सीवर लाइन का कार्य नवरात्र के मद्देनजर युद्ध स्तर पर चल रहा है। जिन जगहों पर पाइप डाली जा चुकी है, वहां पैचिंग कराई जा रही है। ताकि नवरात्र के मद्देनजर पूजा पंडालों में मूर्तियां आसानी से पहुंच सकें। इसके लिए श्री दुर्गा पूजा महासमिति ने तीन-चार दिनों में सड़कें बनवाने की मांग प्रशासन की है। अब तक जिन मार्गों की बदतर स्थिति बनी हुई है, उनमें प्रमुख रूप से रुहट्टा-कालीकुत्ती संपर्क मार्ग, कालीकुत्ती से ओलंदगंज मार्ग, लाइन बाजार चौराहे से कलेक्ट्रेट मार्ग, पॉलीटेक्निक से ओलंदगंज मार्ग, कटघरा मार्ग, सिविल लाइन कचहरी मार्ग आदि की स्थिति बदतर है।
वर्जन ...
नवरात्र को लेकर जल निगम, पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को सड़क मरम्मत का निर्देश दिया गया है। बावजूद इसके अगर घटिया मानक से काम कराया जा रहा है तो दोषी ठेकेदार और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. दिनेशचंद्र, जिलाधिकारी।