निगोह। बरसठी थाना क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय गारोपुर में खाना बना रही रसोइयां से स्कूल के प्रधानाध्यापक ने छेड़खानी की। शोर मचाने पर पहुंचे ग्रामीणों ने प्रधानाध्यापक को पकड़ दिया। उसकी जमकर धुनाई की। पुलिस ने उसे ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में लिया। केस दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुट गई है।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय में एक महिला रसोइयां के पद पर कार्यरत है। सोमवार को विद्यालय खुलने पर वह अपनी सहयोगी के साथ बच्चों के लिए खाना बना रही थी। आरोप है कि कुछ देर के लिए दूसरी रसोइया कड़ाही साफ करने रसोई घर से बाहर कई थी। इसी बीच प्रधानाध्यापक वहां पहुंचे और छेड़खानी की। शोर मचाने पर पास के खेत में काम कर रहे लोग दौड़कर विद्यालय पहुंचे तो आरोपी प्रधानाध्यापक भागने लगा। ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। जमकर धुनाई के बाद उसे पुलिस को सौंप दिया। थाना प्रभारी श्यामदास वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर छेड़खानी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।