07- लेखपाल से झड़प होने के बाद केराकत तहसील में एसडीएम कार्यालय के सामने प्रदर्शन करते अधिवक्ता।
- फोटो : JAUNPUR
केराकत। स्थानीय तहसील में शुक्रवार को अधिवक्ता व लेखपाल के बीच हुई मारपीट का मामला काफी तूल पकड़ लिया है। दोनों पक्षों की तरफ से दी गयी तहरीर के आधार पर पुलिस ने एक दूसरे के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अधिवक्ता हवलदार राम के तरफ से मारपीट गाली-गलौज व एस सी एस टी ऐक्ट के तहत लेखपाल संतोष कुमार गिरी के खिलाफ जबकि लेखपाल संतोष कुमार गिरी की ओर से 6नामजद सहित पन्द्रह लोगों के खिलाफ मारपीट, बलवा, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, सरकारी सम्पत्ति को क्षति पहुंचाने सहित नौ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज हुआ है।
शनिवार को 11 बजे लेखपाल संघ के अध्यक्ष जनार्दन यादव के नेतृत्व में तहसील के लेखपालों ने केराकत कोतवाली का घेराव कर प्रदर्शन किया और तहसील के सभी कार्यालयों में तालाबंदी किया। वहीं अधिवक्ताओं ने एक बैठक कर घटना की कड़े शब्दों में निंदा की। तथा अध्यक्ष देवनाथ मिश्र के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने भी कोतवाली का घेराव कर प्रदर्शन किया। उसके बाद एसडीएम कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। तथा लेखपाल संतोष कुमार गिरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने व उनकी गिरफ्तारी करने की मांग की। लेखपाल संघ ने भी एसडीएम को पत्रक देकर आरोपी अधिवक्ताओं की गिरफ्तारी की मांग की है। लेखपालों ने चेतावनी दिया है कि यदि तीन दिन के अंदर गिरफ्तारी नहीं हुई तो लेखपाल संघ कलमबंद हड़ताल करने पर बाध्य होंगे।