जौनपुर। वेब सीरीज तांडव को लेकर जिले में भी विरोध के स्वर मुखर होने लगे हैं। मंगलवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वितीय आलोक वर्मा की अदालत में अभिनेता सैफ अली खान, जीशान अयूब और डायरेक्टर अली अब्बास जफर सहित अन्य के विरुद्ध वाद दर्ज किया गया। इस मामले में अगली सुनवाई 27 जनवरी को होगी।
कोतवाली थाना क्षेत्र के जोगियापुर निवासी अधिवक्ता हिमांशु श्रीवास्तव ने अदालत में प्रार्थना पत्र देकर वेब सीरीज तांडव के जरिए धार्मिक भावनाएं भड़काने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि शुक्रवार को रिलीज हुई इस वेब सीरीज में हिंदू देवी-देवताओं के प्रति नकारात्मक चित्रण किया गया है। इसी तरह एक अन्य संवाद में महिला और जाति व्यवस्था के संदर्भ में भी आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है। इस दृश्य देखने के बाद उनके समेत अन्य साथियों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। जानबूझकर इस वेब सीरीज में यह दृश्य डाले गए हैं, जिससे हिंदू देवी-देवताओं की छवि धूमिल की जाए। वेब सीरीज के माध्यम से धर्मांतरण का प्रयास किया जा रहा है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग जाए। मामले को गंभीरता से लेते हुए न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वितीय आलोक वर्मा ने वाद दर्ज करते हुए सुनवाई की तिथि तय की।