वेब सीरीज आश्रम चैप्टर-2 में सनातन धर्म से जुड़ी धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला दृश्य फिल्माने के मामले में अधिवक्ता हिमांशु श्रीवास्तव के प्रार्थना पत्र पर डायरेक्टर और प्रोड्यूसर प्रकाश झा तथा अभिनेता बॉबी देओल पर न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वितीय ने वाद दर्ज किया है।
दीवानी न्यायालय के अधिवक्ता हिमांशु श्रीवास्तव निवासी जोगियापुर थाना कोतवाली ने कोर्ट में धारा 156(3) के तहत अधिवक्ता उपेंद्र विक्रम सिंह के माध्यम से प्रार्थना पत्र दिया कि वादी सनातन धर्म में गहरी आस्था रखता है। आश्रम ऋषि मुनियों के रहने का पवित्र स्थान बताया जाता है।
वेब सीरीज आश्रम चैप्टर 2 में काशीपुर वाले बाबा निराला का किरदार बॉलीवुड अभिनेता बॉबी देओल ने निभाया है। सीरीज के जरिये सनातन धर्म को बदनाम किया जा रहा है। जानबूझकर धार्मिक भावनाओं को भड़काने के लिए सीरीज का नाम आश्रम रखा गया है। वादी ने न्याय हित व देश हित में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत करा कर विवेचना की कोर्ट से मांग की।