मुंगराबादशाहपुर। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर ब्लैकमेल करने व परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए आरोपी के खिलाफ बुधवार को मुकदमा दर्ज कर लिया।
एक गांव निवासी विवाहिता ने मुंगराबादशाहपुर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि मुंगराबादशाहपुर निवासी सुनील उर्फ शुभम, कमला शंकर तिवारी एआई से वीडियो बनाकर यौन संबंध बनाने के लिए विवश करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसा नहीं करने पर पति, दोनों बच्चों, ससुर को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। तहरीर में पीड़िता ने बताया कि इसकी सूचना 1090 पर दी। सुनील कई दिन से दूसरे नंबर से फोन करके गंदी-गंदी गालियां देते हुए ब्लैकमेल कर कह रहा है कि पैसे दो, अन्यथा तुम्हारी फोटो व वीडियो वायरल कर दूंगा। आरोप है कि सुनील उसे ब्लैकमेल करके 50 हजार रुपये व 20 हजार रुपये का मोबाइल फोन अपने वर्किंग एड्रेस गुजरात में मंगवाया है। इसके बाद जब सुनील मुंगराबादशाहपुर घर लौटा तो अपने 8-9 दोस्तों के साथ घर आकर मारपीट व तोड़फोड़ की। इसके चलते घर से बाहर निकल पाना मुश्किल हो गया है। विवाहिता ने आरोप लगाया है कि आरोपी सुनील ने उसे जबरदस्ती गाड़ी पर बैठाकर अस्पताल तक घुमाया व उसकी वीडियो रिकार्डिंग कर ब्लैकमेल करके 2 लाख रुपये की मांग कर रहा है। पैसे नहीं देने पर गोली मारने की धमकी दे रहा है। प्रभारी निरीक्षक अमरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।