जफराबाद। जलालपुर क्षेत्र के गयासपुर गांव में स्थित जयप्रकाश नारायण सर्वोदय बालिका विद्यालय (आश्रम पद्धति विद्यालय) की छात्रा के आत्महत्या के मामले में प्रधानाचार्य सहित अन्य अध्यापिकाओं पर सोमवार को हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आत्महत्या की पुष्टि हुई है। मामला 40 दिन पहले का है।
गयासपुर विद्यालय में अप्रैल में रूबी निषाद पुत्री स्वर्गीय दिनेश निषाद कक्षा नौ में पढ़ती थी। उसके मामा गोविंद निषाद ने दाखिला कराया था। मई में विद्यालय की छुट्टी हो गई। बीते दो जुलाई को छुट्टी बीतने के बाद रूबी मामा के साथ विद्यालय आई। गोविंद भांजी को छोड़कर घर चले गये। उसके कुछ देर बाद रूबी ने पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह के अलावा एसपी सिटी बृजेश कुमार सहित अन्य पहुंच गए थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। थानाध्यक्ष मनोज सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी से आत्महत्या की पुष्टि हुई है। घटना के काफी दिन बाद मृतका के मामा गोविंद निषाद ने हाईकोर्ट में जाकर विद्यालय के प्रधानाचार्य व सहायक अध्यापिकाओं के मिलीभगत से रूबी के हत्या का आरोप लगाया। कोर्ट ने मामले में हस्तक्षेप किया। उसके बाद सोमवार की देर शाम गोविंद की तहरीर पर पुलिस ने प्रधानाचार्य व अध्यापिकाओं पर मुकदमा दर्ज कर लिया। थानाध्यक्ष मनोज सिंह ने कहा मामले की विवेचना चल रही है।