बदलापुर। क्षेत्र के भलुआही गांव के वार्ड संख्या पांच में धर्म परिवर्तन कराए जाने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार को सेंट जेवियर्स के प्रबंधक सहित चार लोगों पर मुकदमा दर्ज किया। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान किया।
बजरंग दल के जिला संयोजक सत्या शुक्ला निवासी दाउदपुर ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि सेंट जेवियर्स स्कूल के प्रबंधक थॉमस जोसेफ की साजिश पर वार्ड नंबर पांच में क्रांति सरोज के घर पर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। मौके पर पहुंचकर सत्या शुक्ला सहित हिंदू संगठन के रामकृष्ण सिंह, महेंद्र शुक्ला, रामसहाय पांडेय, महेश मिश्रा, अंकुर शुक्ला आदि लोगों ने पादरी रतनचंद निवासी ग्राम बरबसपुर थाना बदलापुर को पकड़कर उसके कब्जे से ईसाई धर्म से संबंधित ग्रंथ कब्जे में लेकर पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पादरी के साथ कोतवाली पुलिस ने शिवानी पाल, रीना विश्वकर्मा निवासी ग्राम भलुअनी को भी गिरफ्तार किया गया। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार पांडेय ने बताया कि इस मामले में पादरी और दो महिला को शांति भंग करने के आरोप में चालान कर दिया गया।
अभी कुछ दिनों पूर्व पूर्व क्षेत्र के ग्राम मुरादपुर में भी परिवर्तन का मामला आया था। उस मामले में भी पुलिस ने संबंधित धारा में मुकदमा पंजीकृत कर शांतिभंग करने के आरोप में 16 लोगों को न्यायालय भी भेज चुकी है।