मुफ्तीगंज/बदलापुर। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शुक्रवार को बाइक के धक्के से एक बढ़ई की मौत हो गई वहीं बाइक से अनियंत्रित होकर गिरने से एक महिला घायल हो गई।
बदलापुर थाना क्षेत्र के बबुरा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के पीछे शाम पांच बजे के करीब बाइक के धक्के से पैदल जा रहे एक बढ़ई की मौत हो गई। बबुरा गांव निवासी विजय बहादुर विश्वकर्मा (45) कहीं से पैदल फर्नीचर का काम कर वापस घर जा रहे थे। अभी वह प्राथमिक विद्यालय के पीछे पहुंचे ही थे, कि तभी अज्ञात बाइक सवार उसे धक्का मारते हुए भाग गया, जिससे उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम हेतु भेज दिया। घटना को लेकर परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं दूसरे हादसे में गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव के पास जौनपुर - गाजीपुर मार्ग पर सुशीला देवी(45) पत्नी सुरेंद्र कुमार शाम लगभग पांच बजे बाइक से अनियंत्रित होकर गिरकर घायल हो गई। वह केराकत कोतवाली क्षेत्र के कटहरी गांव की रहने वाली है। स्थानीय लोगों ने 108 एम्बुलेंस बुलाकर उन्हे सीएचसी मुफ्तीगंज भेजा, जहाँ हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया।