सपा जिला कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार रखते बसपा सदर सांसद श्याम सिंह यादव।
- फोटो : अमर उजाला
जौनपुर में समाजवादी पार्टी कार्यालय पर आयोजित पूर्व गृहमंत्री भारत रत्न स्व. सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती के मौके पर अतिथि के रूप में गुरूवार को बसपा सांसद श्याम सिंह यादव पहुंचे। उन्होंने देश की एकता अखंडता में सरदार पटेल के योगदान की चर्चा करते हुए खुले मंच से समाजवादी पार्टी के नीतियों की तारीफ किया।
उन्होंने कहा कि सपा के सहयोग से वह जौनपुर संसदीय सीट से सांसद चुने गए हैं, इसलिए सपा के कार्यक्रम में आए हैं और आगे भी आते रहेंगे। उधर बसपा के प्रदेश अध्यक्ष मुनकाद अली ने इस पर आश्चर्य जताते हुए कहा कि मामला संज्ञान में नहीं है। अगर ऐसा है तो सांसद से पूछताछ की जाएगी कि क्यों और कैसे वह चले गए।
समाजवादी पार्टी एवं बसपा के गठबंधन में श्याम सिंह यादव जौनपुर सदर संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़े और भाजपा प्रत्याशी को हरा कर उन्होंने जीत हासिल किया। बसपा और सपा का गठबंधन टूटने के बाद भी श्याम सिंह यादव का मोह सपा से भंग नहीं हुआ। उनका सपा नेताओं से मेलजोल, आना-जाना लगा रहा।