केराकत कोतवाली परिसर में बच्चों के साथ बैठी मृतक रमेश की पत्नी सुमन देवी और मां करमा देवी।
- फोटो : JAUNPUR
केराकत। कस्बे के बाबा घाट के पास शुक्रवार को नाली के विवाद को लेकर भतीजे ने ईट से वार कर चाचा की जान ले ली। मृतक के बड़े भाई की तहरीर पर पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम लिए भेज दिया।
केराकत कस्बे के बाबा घाट निवासी रमेश राम (30) पिछले सप्ताह मुंबई से ट्रक में सवार होकर घर आए थे। केराकत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद वह घर पर ही रह रहा था। शुक्रवार को सुबह दस बजे रमेश का भतीजा मनोज कुमार राम नाली साफ कर रहा था। रमेश कुमार ने यह कहकर नाली साफ करने से मना किया कि नाली का पानी सड़क पर बहने लगेगा। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। कहासुनी के दौरान मनोज राम ने ईंट से वार कर दिया। ईंट सीने पर लगी जिससे रमेश की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बड़े भाई राजेश राम की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी मनोज कुमार के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। मृतक की पत्नी सुमन देवी व तीन बच्चे शिवा 12, शिवांगी (पांच) व सत्यम (एक) पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा है । इस संबंध में सीओ केराकत अजय कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि मृतक के भाई की तहरीर पर केस दर्ज कर उसके भतीजे को गिरफ्तार कर लिया है।