खेतासराय क्षेत्र के युनुसपुर गांव के पास प्रेमी युगल द्वारा आत्महत्या के प्रयास के बाद रेल ट्रै?
- फोटो : JAUNPUR
खेतासराय। युनुसपुर गांव के पास वाराणसी-फैजाबाद रेल खंड पर रविवार को एक प्रेमी युगल ने मुंबई से गोरखपुर जाने वाली गोदान एक्सप्रेस के सामने कूद गया। इस घटना में प्रेमी की मौत हो गई और प्रेमिका गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रेमी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और प्रेमिका को पास के अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस के अनुसार, खेतासराय कोतवाली क्षेत्र के गोरारी गांव स्थित अनुसूचित बस्ती निवासी मदन (22) का एक युवती से प्रेम संबंध था। दोनों ने संग जीने-मरने की कसमें खाई थीं। दोनों रविवार की सुबह करीब दस बजे घर से निकले। दोपहर में सूचना मिली कि दोनों क्षेत्र के युनुसपुर गांव के पास रेलवे पटरी पर मुंबई से गोरखपुर जा रही गोदान एक्सप्रेस के सामने कूद गए। मदन की मौके पर ही मौत हो गईं वहीं युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया जाता है कि दोनों का मिलना-जुलना उनके परिवार वालों को गंवारा नहीं था। वे विरोध करते थे। इससे खफा होकर दोनों ने मौत को गले लगाने की ठानी थी। थाना प्रभारी यजुवेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि युनुसपुर गांव के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव तथा एक युवती घायल अवस्था में मिली। दोनों की पहचान हो गई है। युवती की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।