थानागड्डी।- मृतक विनोद सिंह की फाईल फोटो। परिजन
थानागद्दी (जौनपुर)। केराकत थाना क्षेत्र के बेहड़ा गांव में 11 सितंबर की रात से लापता विनोद सिंह (70) का शव शुक्रवार को उनके ही घर के गेस्ट रूम में गद्दे के नीचे पड़ा मिला। बेटे अतुल सिंह का आरोप है कि गांव का एक युवक और उसके साथियों ने चोरी के दौरान पीट करके पिता की हत्या की है। इसके बाद शव को छिपा दिया। कई दिन पुराना होने के कारण शव सड़ चुका था। घर से दुर्गंध आ रही थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि विनोद सिंह वाहनों में खलासी का काम करते थे और गांव में अकेले रहते थे। उनके बेटे अतुल सिंह लखनऊ में सिंचाई विभाग में कार्यरत हैं। वह अपने परिवार के साथ लखनऊ में रहते हैं। 16 सितंबर को पड़ोसी हंसा सिंह ने अतुल सिंह को फोन कर उनके मकान से दुर्गंध आने की जानकारी दी। इसके बाद अतुल सिंह ने गांव में रहने वाली रिश्तेदार सोना सिंह को घर भेजा। सोना सिंह ने अतुल को फोन पर बताया कि मकान के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा है। घर के अंदर सामान बिखरा है। उन्होंने घर में चोरी होने की जानकारी दी। घर में किसी जानवर के मरने की भी आशंका जताई। शुक्रवार को अतुल सिंह ने दो महिला मजदूरों को घर की सफाई के लिए भेजा। गेस्ट रूम में सफाई के दौरान फर्श पर पड़े गद्दे हटाए गए तो विनोद सिंह का शव पड़ा था। पुलिस ने बेटे के आरोपों की जांच शुरू कर दी है। संदिग्धों की तलाश में पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम शनिवार को कराया जाएगा।
बेटे अतुल सिंह की तहरीर पर चोरी और हत्या के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण का पता चलेगा। पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में लगी हैं।
- अमरेंद्र पांडेय, प्रभारी निरीक्षक केराकत।