सिकरारा क्षेत्र के बढ़ौली अहिरान गांव में रविवार को जमीन विवाद में दो पक्षों में खूनी संघर्ष हुआ। लाठी-डंडे से मारपीट हुई और गोलियां भी चलाई गईँ। इसमें प्रधान पति समेत नौ लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। दो घायलों को वाराणसी रेफर कर दिया गया।
गांव की प्रधान पूजा सरोज के घर के बगल में आबादी की जमीन पर कुछ लोग छप्पर रख रहे थे। प्रधानपति तिलकधारी ने इसका विरोध किया तो विवाद शुरू हो गया। कुछ ही देर में लाठी-डंडे से मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान एक पक्ष से फायरिंग भी गई। छर्रे लगने से लवकुश (30) और राजधारी (50) जख्मी हुए। मारपीट में एक पक्ष से सोनू, रतन, मदन, पवन, रामधारी और दूसरे पक्ष से प्रधानपति तिलकधारी, पंधारी, सुरेश, देवेंद्र को चोट आई। सभी घायलों नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। वहां से लवकुश और राजधारी को जिला अस्पताल भेज दिया गया। वहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने वाराणसी रेफर कर दिया। एसओ विनय प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।