जौनपुर। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने सोमवार को कैंप कार्यालय पर निर्माणाधीन सीवरेज योजना की समीक्षा के लिए बैठक की। इसमें उन्होंने कार्यदायी संस्था को सीवर पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क को चलने योग्य बनाने के निर्देश दिए। जल निगम के अधिकारियों से कहा कि यदि मानकों के विपरीत काम मिले तो फर्म को ब्लैक लिस्ट करने के लिए नोटिस जारी करें।
उन्होंने परियोजना की धीमी प्रगति पर एवं खोदी गई सड़कों को समय रहते दुरुस्त करने के लिए कहा। मैसर्स टेक्नोक्राफ्ट कंस्ट्रक्शन प्रा. लिमि. नोएडा के प्रोजेक्ट मैनेजर अर्पित सिंघल को निर्देश दिए कि मैनपावर व टीएंडपी बढ़ाते हुए प्रत्येक दशा में कार्यों को निर्धारित समय में पूरा कराएं। कहा कि सीवरेज कार्यों से लाभान्वित होने वाले क्षेत्रों को छोटे-छोटे पॉकेट में बांटते हुए समस्त गतिविधियों को एक साथ क्रियान्वित करें। इससे बार बार हो रही खोदाई से लोगों को असुविधा नहीं होगी। उन्होंने कहा कि कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का अनुपालन कराते हुए ही कार्य कराएं।