पोषाहार के वितरण में की जा रही धन उगाही से नाराज भारतीय किसान यूनियन के सदस्यों ने सोमवार को बाल विकास परियोजना कार्यालय में जमकर प्रदर्शन किया।
इस दौरान पोषाहार में की जा रही धन उगाही पर रोक और ऐसा करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की गई। चेताया कि मांग पूरी नहीं होने पर आमरण अनशन किया जाएगा।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री को संबोधित पांच सूत्री मांगपत्र बीडीओ को सौंपा।यूनियन के ब्लाक अध्यक्ष चितबहाल यादव ने कहा कि सीडीपीओ और सुपरवाइजर के द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से जमकर धन उगाही की जा रही है। उसी का
परिणाम है कि ब्लाक के किसी केंद्र पर न तो बच्चों को गर्म भोजन मिल पा रहा है और न ही धात्री महिलाओं व कुपोषित बच्चों को पोषाहार ही मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से पोषाहार का उठान होते समय आठ सौ
से एक हजार रुपये और गर्म भोजन योजना में सात सौ रुपये से लेकर 14 सौ तक लिए जा रहे हैं। इससे यह दोनों योजनाएं परवान नहीं चढ़ पा रही हैं।
ब्लाक अध्यक्ष ने कहा कि अगर इसमें सुधार नहीं किया गया तो आमरण अनशन पर जाना बाध्यता होगी। प्रदर्शन करने वालों में जगदीश प्रसाद,बेचन, अशोक, मालती, बंदना, चिंता देवी, आशा, उमा देवी, चंदा व राजेश आदि रहे।