मुंगराबादशाहपुर। पवांरा बाजार के हनुमान मंदिर के पास जौनपुर-रायबरेली हाईवे पर शनिवार शाम पांच बजे बाइक फिसलने से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के नौडीहा गौरैयाडीह निवासी शिवराम यादव (38) बाइक से किसी कार्य वश मछलीशहर गए थे और वहां से घर लौटते समय हल्की बारिश होने लगी। वे पवांरा बाजार स्थित हनुमान मंदिर के पास पहुंचे तभी अचानक बाइक फिसलकर गिर गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां चिकित्सक ने युवक को मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष रमेश कुमार ने बताया कि एक बाइक अनियंत्रित होकर पलट जाने से युवक की मौत हो गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
अनियंत्रित बाइक गिरने से युवक की मौत, दो घायल-मल्हनी। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के जपटापुर बाजार से खरीदारी कर घर लौटते समय अनियंत्रित बाइक से गिरकर पोटरिया पुलिसा के पास एक युवक की मौत हो गई। बाइक पर सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार खुटहन थाना क्षेत्र के बंदनपुर निवासी संजीव कुमार का पुत्र राजू (22) गांव के एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। रात करीब एक बजे वह किसी सामान की खरीदारी करने अपने मित्र साहिल (18) व छोटू (22) के साथ बाइक से सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के जपटापुर बाजार गया था। सामान खरीदने के बाद तीन बाइक सवार होकर वापस बंदनपुर गांव लौट रहे थे। पोटरिया–गभीरन मार्ग पर पोटरिया पुलिया के पास बाइक असंतुलित होकर फिसल कर खंदक में जा गिरी। इससे तीनों को गंभीर चोट आई। उधर हादसे की आवाज आसपास के लोग जग गए। थोड़ी देर में घटनास्थल पर पहुंचे और तीनों घायलों को बाहर निकाला। जब तक राहत बचाव करते राजू कुमार की मौत हो गई। जबकि साहिल और छोटू गंभीर हालत में हो गए। ग्रामीणों ने एंबुलेंस को सूचना दी और दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां छोटू (22) की हालत नाजुक होने के कारण उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया। जबकि साहिल (18) को जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। राजू के मौत से परिवार में कोहराम मच गया। बंदनपुर गांव में मातम छा गया। घरवालों को जब यह दुखद समाचार मिला, तो पूरा परिवार सदमे में चला गया। राजू अविवाहित था और वह दो भाई है। परिवार का सबसे छोटा बेटा था। खुटहन थाना प्रभारी मुन्ना राम ने बताया की परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई करेंगे। संवाद