सिकरारा। जौनपुर-प्रयागराज मार्ग पर सिकरारा चौराहा पर शनिवार को स्कूटी से टकराकर बाइक सवार युवक घायल हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सिकरारा बाजार के पास बिल्डिंग मटेरियल की दुकान चलाने वाले खानापट्टी (अमिलहा) गांव निवासी प्रदीप यादव (30) अपनी बाइक से जा रहे थे। तभी सिकरारा चौराहा पर सड़क पार कर रही स्कूटी सवार युवती के स्कूटी के पिछले हिस्से को छूते हुए उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई। इससे वह गिरकर बुरी तरह घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे इलाज हेतु एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा, लेकिन परिजन उसे नईगंज एक निजी चिकित्सक के यहां ले गए। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। इस संबंध में एसओ संतोष कुमार राय ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।