खुटहन थाना क्षेत्र स्थित तिघरा बाजार के पास मंगलवार को खुटहन वाया जौनपुर मार्ग पर ट्रैक्टर की चपेट में आकर बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है। दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। मुजक्किरपुर गांव के भटपुरवा मजरा निवासी जाहिद (38) पुत्र नजीर बाइक से अपनी मोबाइल बनवाने के लिए गौसपुर बाजार में गए थे। जहां से वे वापस खुटहन बाज़ार आ रहे थे। वह जैसे ही तिघरा बाजार से लगभग दो सौ मीटर आगे पहुंचे थे कि सामने से आ रहे ट्रैक्टर की चपेट में आ गए। ट्रॉली के पहिए से दबकर उनकी दर्दनाक मौत हो गई। मौत की खबर सुनते ही परिवारजन अस्पताल पहुंच गए। मृतक के दो पुत्र हैं, जो रोजी रोटी के सिलसिले में दिल्ली में रहते है। मृत जाहिद सऊदी अरब में रहकर रोजी रोटी कमाते थे। एक माह पूर्व छुट्टी लेकर घर आए थे। छह महीने तक घर रहना चाहते थे। पुलिस शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है।