करंजाकला। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बेजा रामपुर गांव में सोमवार की रात बाइक सवार बदमाशों ने युवक को गोली मार दी। दाहिनी जांघ में गोली लगने से गंभीर रुप से जख्मी युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद बदमाश फरार हो गए। बदमाशों ने गमछे से चेहरा ढक रखा था। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
बेजा रामपुर गांव निवासी रोशन यादव का पुत्र मुलायम यादव (27) रात करीब साढ़े 8 बजे गांव के प्राथमिक विद्यालय के पास खड़ा था। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे और मुलायम को लक्ष्य कर फायरिंग कर दी। पहली गोली मिस होने पर बदमाशों ने दूसरी गोली चलाई, जो मुलायम के जांघ में लगी। गोली लगने से मुलायम वहीं गिर गया। फायरिंग की आवाज सुनते ही ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। वारदात के बाद बदमाश फरार हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया। एसओ संजीव कुमार मिश्र ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। बदमाशों की तलाश की जा रही है। घटना का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है।