रामपुर। क्षेत्र के औरा गांव में शुक्रवार की शाम बाइक सवार बदमाश ने एक ओझा को चाकू से वार कर घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को सीएचसी रामपुर पहुंचाई जहां हालत नाजुक देख उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
औरा गांव के राहत नगर निवासी मोहम्मद हनीफ उर्फ पप्पू (50) को दिखाई नहीं देता है। वह ओझाई का काम करता है। शुक्रवार की शाम करीब साढ़े सात बजे हनीफ अपने दरवाजे पर बैठा थो। तभी एक बाइक पर सवार हेलमेट पहने दो युवक आए और हनीफ पर चाकू से वार करने लगे। चाकू मोहम्मद हनीफ के गर्दन पर बायीं तरफ लगी। वह जमीन पर गिर गया। उनकी पत्नी ने शोर मचाया तो हमलावर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी रामपुर पहुंचाया जहां हालत नाजुक देख डाक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रामपुर थानाध्यक्ष संपूर्णानंद राय भी मौके पर पहुंचकर घटना के बाबत जांच पड़ताल की। हमले की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का मानना है कि ओझाई को लेकर कोई विवाद हो सकता है।