मछलीशहर। स्थानीय कस्बा में दो अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक विनीत रॉय ने बताया कि मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के बटनहित गांव निवासी कृपा शंकर सरोज (53) अपनी पुत्री अंशिका (20) को बाइक से बुधवार शाम को मछलीशहर आए थे। वह नगर के सुजानगंज चौराहे पर पहुंचे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज गति से आ रहे एक बाइक सवार ने कृपाशंकर की बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक सवार भाग गया।
टक्कर से कृपाशंकर सड़क पर गिर गए। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की सहायता से पिता-पुत्री को सीएचसी पहुंचाया। वहां अंशिका का इलाज किया गया लेकिन कृपा शंकर के सिर और सीने में गहरी चोट से मौत हो गई। कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक के भतीजे विमल कुमार की तहरीर पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया गया है। पुलिस बाइक चालक की पहचान करने में जुटी है।