बदलापुर। फोरलेन बाईपास पर कलिंजरा मोड़ के पास मंगलवार दोपहर पिकअप के धक्के से बाइक सवार युवक की मौत हो गई जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
जफराबाद थाना क्षेत्र के लाडनपुर गांव निवासी विकास श्रीवास्तव (30) अपने मित्र संजय चौहान (35) निवासी लाढा अनौनी थाना खानपुर जनपद गाजीपुर के साथ बाइक से बदलापुर की तरफ जा रहा था। जैसे ही कलिंजरा मोड़ के पास पहुंचा था कि तेजी बाजार की तरफ से आ रही तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आ गया। घटना में विकास की मौके पर ही मौत हो गई। उसका साथी संजय गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घायल को सीएचसी भेजवाया। पिकअप का चालक पेट्रोल पंप के सामने वाहन छोड़कर फरार हो गया था। पुलिस ने पिकअप को कब्जे में ले लिया है।