जिला कारागार में बंदियों को परोसी जाने वाली दाल की क्वालिटी काफी खराब है। इसका खुलासा सोमवार को जिला जज, सीजेएम, डीएम और एसपी के मुआयने में हुआ। न्यायिक और प्रशासनिक अधिकारियों ने जेल प्रशासन को बंदियों को खाने
की क्वालिटी ठीक करने और साफ सफाई बेहतर करने का निर्देश दिया। इस दौरान बंदियों की तलाशी भी ली गई और उनसे समस्याओं के बारे में भी पूछा गया। सोमवार को तकरीबन तीन बजे जिला जज लुकमानुल हक, सीजेएम अभिनय कुमार
मिश्र, डीएम भानुचंद्र गोस्वामी, एसपी राजूबाबू सिंह पीएसी और दर्जनभर थानेदारों के साथ जेल पहुंचे। जहां जेल की व्यवस्था का अफसरों ने अवलोकन किया। बंदियों को परोसे जाने वाले खाने की क्वालिटी तो कुछ ठीक की गई थी लेकिन जो दाल थी
उसमें पानी की मात्रा अधिक थी। जेल सूत्रों की मानें तो बंदियों ने ठंड में पर्याप्त कंबल न मिलने की भी शिकायत की। सुबह चाय की क्वालिटी भी ठीक न होने की शिकायत की।
बैरकों में तलाशी के दौरान कोई आपत्ति जनक वस्तु नहीं मिली। जेल अधीक्षक शैलेंद्र मैत्रे ने बताया कि मुआयने में कोई कमी नहीं पाई गई।