जौनपुर। पंजाब में चल रहे किसान आंदोलन का असर जौनपुर से होकर गुजरने वाली ट्रेनों पर भी पड़ रहा है। बृहस्पतिवार को जौनपुर जंक्शन व सिटी स्टेशन पर कई ट्रेनें विलंब से पहुंचीं। इससे यात्रियों को भीषण गर्मी व उमस में घंटों स्टेशनों पर गुजारना पड़ा।
जौनपुर जंक्शन व सिटी रेलवे स्टेशन पर प्रति दिन 40 से अधिक ट्रेनों का आवागमन होता है। रोज छह से सात हजार यात्री सफर करते हैं। शादी सीजन होने व महानगरों में स्कूल-कॉलेज बंद होने से बड़ी संख्या में लोग घर लौट रहे हैं। ऐसे में ट्रेनों में भीड़ हो रही है। वहीं पंजाब में किसानों के धरना-प्रदर्शन के चलते कई ट्रेनों को डायवर्ट करके चलाया जा रहा है। इससे ट्रेनें अपने गंतव्य स्थानों पर विलंब से पहुंच रही हैं। बृहस्पतिवार को फिरोजपुर से धनबाद जाने वाली गंगा-सतलज एक्सप्रेस आठ घंटे, जम्मूतवी से कोलकाता जाने वाली सियालदह एक्सप्रेस तीन घंटे विलंब से जौनपुर जंक्शन पर पहुंचीं। जम्मूतवी से वाराणसी जाने वाली बेगमपुरा 10 घंटे, फरक्का एक्सप्रेस दो घंटे बिलंब से चल रही हैं। इससे यात्रियोंं को गर्मी व उमस में घंटों स्टेशनों पर गुजारना पड़ रहा है। वहीं यात्री अपने गंतव्य स्थान पर समय पर नहीं पहुंचने से परेशानी का सामना कर रहे हैं। गंगा सतलज एक्सप्रेस के इंतजार में जौनपुर जंक्शन पर बैठे यात्री अलीगंज निवासी अनिल दुबे, रामजीत यादव ने बताया कि परिवार के साथ दो घंटे से बैठा हूं। ट्रेन आठ से नौ घंटे लेट होने से स्टेशन पर समय गुजारना भारी पड़ रहा है।
किसान आंदोलन के चलते पंजाब रूट से आने वाली सभी ट्रेनें डायवर्ट कर चल रही हैं। इससे ट्रेनें विलंब से स्टेशन पर पहुंच रही हैं। यात्रियों को दिक्कतें न हो इसके लिए लगातार विलंब होने की उद्घोषणा की जा रही है। - अनिल कुमार उपाध्याय,अधीक्षक सिटी स्टेशन।