पूर्वांचल विश्वविद्यालय के आईबीएम भवन धरना प्रदर्शन करते बीबीए के छात्र
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर में वाइवा के लिए परीक्षक के देरी से पहुंचने पर बीबीए के छात्र धरने पर बैठ गए। छात्रों ने नारेबाजी कर विरोध जताया। कुछ देर बाद शिक्षकों के समझाने पर छात्र शांत हुए। करीब दो घंटे बाद पहुंचे परीक्षक ने वाइवा कराया। विश्वविद्यालय परिसर में संचालित बीबीए छठवें सेमेस्टर के छात्रों का मंगलवार को वाइवा होना था। बीबीए अंतिम सेमेस्टर में 45 छात्र पंजीकृत हैं। सभी छात्र-छात्राओं को सुबह 10 बजे विभाग में बुलाया गया था। लेकिन परीक्षक के आने में देरी होने से नाराज छात्र विभाग के बाहर और मुख्य गेट पर धरने पर बैठ गए। उन्होंने विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया। काफी प्रयास के बाद शिक्षकों ने छात्रों को स्थिति से अवगत कराते हुए शांत कराया। इसके बावजूद कुछ देर तक छात्र हंगामा करते रहे। दोपहर करीब 12 बजे परीक्षक विश्वविद्यालय पहुंचे, जिसके बाद वाइवा शुरू कराया गया। बीबीए के कोऑर्डिनेटर प्रो. आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षक का वाहन रास्ते में खराब हो जाने के कारण उन्हें पहुंचने में विलंब हुआ। परीक्षक के पहुंचने के बाद वाइवा संपन्न कराया गया। छात्रों के धरना और हंगामे की चर्चा दिनभर विश्वविद्यालय परिसर में होती रही।