जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्ध बीबीए और बीसीए संस्थानों की सेमेस्टर परीक्षाएं 28 अप्रैल से शुरू होंगी। परीक्षा के लिए विश्वविद्यालय ने परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है। परीक्षा के लिए सात केंद्र बनाए गए हैं।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने बताया कि बीसीए छठवें सेमेस्टर को छोड़कर सभी परीक्षाएं सुबह 8 बजे से 11 बजे तक कराई जाएंगी। परीक्षा के लिए पीजी कॉलेज गाजीपुर, शिवली नेशनल पीजी कॉलेज आजमगढ़, डॉ. राम मनोहर लोहिया पीजी कॉलेज मुफ्तीगंज जौनपुर, सल्तनत बहादुर महाविद्यालय बदलापुर जौनपुर, आरएसकेडी पीजी कॉलेज जौनपुर, पीजी कॉलेज मड़ियाहूं जौनपुर और पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर स्थित कंप्यूटर अप्लीकेशन डिपार्टमेंट को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि बीबीए द्वीतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं 28 व 29 अप्रैल और 5, 7 व 9 मई को कराई जाएंगी। इसी प्रकार बीबीए चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं 29 अप्रैल और 4, 6 व 8 मई को कराई जाएंगी। जबकि चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं 28 व 30 अप्रैल को व 5 मई को कराई जाएंगी। यह परीक्षाएं सुबह 8 बजे से 11 बजे तक होंगी। इसी प्रकार बीसीए द्वीतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं 28 व 30 अप्रैल व 5, 7 और 9 मई को कराई जाएंगी। बीसीए चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं 29 अप्रैल, 4, 6 व 8 मई को सुबह 8 बजे से 11 बजे तक कराई जाएंगी। जबकि बीसीए छठवें सेमेस्टर की परीक्षाएं 28 व 30 अप्रैल व 5 मई को कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है। सभी परीक्षा केंद्रों को पत्र जारी कर दिया गया है। प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाएं केंद्रों पर भेजी जा रही हैं। छात्रों का प्रवेश पत्र जारी कर दिया गया है।