जौनपुर में नमाज अदा कर निकलते लोग
- फोटो : अमर उजाला
जौनपुर नगर व आसपास के क्षेत्रों में शनिवार को ईद उल अजहा (बकरीद) का पर्व पूरे अकीदत के साथ मनाया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने मस्जिदों व ईदगाहों में नमाज अदा की और एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की बधाई दी। नमाज के बाद परंपरागत तरीके से कुर्बानी दी गई। त्योहार के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा।
नगर की प्रमुख मस्जिदें जैसे पुरानी सब्जी मंडी स्थित बड़ी मस्जिद, घासमंडी की अंजुमन मस्जिद, योगीनाथ तिराहा स्थित दाता शाह मस्जिद, एराकियाना की सुबहानी मस्जिद समेत क्षेत्र के बडागांव, भांदी, सबरहद, उसरहटा, हुसैनाबाद व ईदगाहों में लोगों ने तय वक्त पर नमाज अदा की। नमाज के बाद भाईचारे का संदेश देते हुए लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी।
भादी खास मोहल्ले के शियाऊ समुदाय ने भी ईदगाह में विशेष नमाज अदा की। बदरुल इस्लाम के इमाम मौलाना शालिम नाजिम ने ख़ुतबा पढ़ा और कहा कि “बकरीद हज़रत इब्राहीम और हजरत इस्माईल की कुर्बानी की याद में मनाया जाता है। यह पर्व इंसानियत के लिए कुर्बानी और सेवा की प्रेरणा देता है।”
त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान व प्रभारी निरीक्षक दीपेन्द्र सिंह ने दल-बल के साथ नगर और आस-पास के इलाकों में सतत गश्त की। मस्जिदों व सार्वजनिक स्थानों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था रही। कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।