शाहगंज/मड़ियाहूं/सुरेरी। कोरोना कर्फ्यू के दौरान दुकानें खोलने पर पुलिस-प्रशासन की टीम ने कई दुकानदारों का चालान किया। बाहर से शटर बंदकर ग्राहकों को अंदर कर व्यापार किया जा रहा था।
सुरेरी के हरिहरपुर बाजार में बबलू गुप्ता की किराना दुकाना खुली थी और वहां लोगों की भीड़ भी लगी थी। बाजार में होमगार्ड की तैनाती के बावजूद कोई असर नहीं दिखा। थानाध्यक्ष संतोष पाठक ने बताया कि होमगार्ड को कड़ी फटकार लगाते हुए दुकान का चालान कर दिया गया है। मड़ियाहूं नगर में गांधी तिराहे पर शुक्रवार की दोपहर एसडीएम मंगलेश दुबे, सीओ संत कुमार व ईओ डॉ. संजय कुमार ने कर्फ्यू का उल्लंघन कर घरों से बाहर घूम रहे लोगों का चालान किया। इस दौरान कपड़े की दुकान खोलने व भीड़ लगाने पर एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर दुकानदार को हिरासत में ले लिया। धारा-144 के उल्लंघन के तहत कार्रवाई की गई। शाहगंज में सीओ अंकित कुमार व नायब तहसीलदार अमित कुमार सिंह ने शुक्रवार दोपहर भारी पुलिस बल के साथ नगर का भ्रमण किया। बेवजह घूम रहे लोगों को घर में रहने की हिदायत दी। नूरी मस्जिद तिराहा स्थित मनोज ड्रेसेज के शो रूम के सामने काफी संख्या में खड़ी बाइक व चार पहिया वाहन देख टीम ने जांच की तो कपड़े के शो रूम में पीछे के रास्ते से ग्राहकों को अंदर कर दुकानदारी शुरू थी। सीओ ने शो रूम खुलवाया तो अंदर बड़ी संख्या में ग्राहक मौजूद मिले। पुलिस ने ग्राहकों को बाहर निकालकर नायब तहसीलदार की मौजूदगी शो रूम को सील कराया।