जौनपुर। आयुष्मान भारत योजना के तहत लाभार्थियों के गोल्डेन कार्ड अब नि:शुल्क बनाए जाएंगे। सीडीओ अनुपम शुक्ला ने विकास भवन में पत्रकारों से वार्ता के दौरान बताया कि जनपद में कुल 1,59,545 परिवार आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थी हैं। जिसमें से 90,916 ऐसे लाभार्थी परिवार हैं जिनमें कम से कम एक सदस्य का गोल्डेन कार्ड बन चुका है। इन परिवारों में अब तक कुल 2,24,710 गोल्डन कार्ड बनाए जा चुके हैं।
जनपद में अब तक 68629 ऐसे परिवार हैं जिसमें से अभी तक एक भी गोल्डेन कार्ड नहीं बन पया है। गोल्डेन कार्ड विहीन परिवारों में गोल्डेन कार्ड बनाने के लिए 10 से 24 मार्च तक विशेष अभियान चलाकर सभी लाभार्थियों का गोल्डेन कार्ड बनवाया जाएगा। पूर्व में लाभार्थियों से 30 प्रति कार्ड शुल्क लिया जाता था। जिसे समाप्त कर अब कॉमन सर्विस सेंटर द्वारा लाभार्थी का आयुष्मान कार्ड नि:शुल्क बनाया जाएगा। पंचायत भवन तथा स्कूलों पर कैंप का आयोजन कर गोल्डेन कार्ड बनाया जाएगा। परिवार के मुखिया को एक दिन पहले ही आशा, आंगनबाड़ी के द्वारा पर्ची उपलब्ध करा दी जाएगी। जिसमें कार्ड बनने का समय और स्थान का नाम दिया रहेगा।