जौनपुर। देश में सरकारी उपक्रम में बढ़ते निजीकरण के खिलाफ अटेवा ने अभियान शुरू कर विरोध जताया। संगठन के राष्ट्रीय आह्वान पर ट्विटर के माध्यम से एनपीएस निजीकरण भारत छोड़ो का आयोजन कर विरोध जताया। अटेवा की जिला मीडिया प्रभारी इंदु प्रकाश यादव ने कहा कि कोविड -19 महामारी के बीच जब सारा देश एकजुट होकर संक्रमण से संघर्ष कर रहा है तब सरकार एक के बाद एक सरकारी विभागों का निजीकरण करने में लगी है। जिला महामंत्री संदीप चौधरी ने कहा कि जिस प्रकार से रेलवे व अन्य सरकारी उपक्रमों को उद्योगपतियों के हवाले किया जा रहा है आने वाले समय में प्रदेश में शिक्षा का निजीकरण भी तेजी से किया जाएगा। चंदन सिंह ने कहा कोरोना आपदा के बाद व्यापक रूप से हर जिला मुख्यालयों पर धरना प्रदर्शन कर विरोध किया जाएगा। प्रवक्ता विनय वर्मा ने कहा कि अटेवा किसी भी दशा में निजीकरण नहीं होने देगा। इस मौके पर संदीप यादव, रत्तिलाल निषाद, नीतू पाठक, प्रीति दुबे, वर्षा, फातिमा, जया मिश्रा, शांत सिंह, विनोद यादव, शिव बचन यादव, अखिलेश यादव, फातिमा, यादवेंद्र, लालचंद चौरसिया, डॉ. श्यामसुंदर उपाध्याय आदि मौजूद रहे।