एएसपी का स्टेनो चिरंजीव कुमार (फाइल फोटो)
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) संजय राय के स्टेनो की शुक्रवार की रात प्रयागराज जिले के फूलपुर के पास सड़क हादसे में मौत हो गई। वह अपने परिवार वालों से मिलने बाइक से प्रयागराज जा रहे थे। फूलपुर के पास सिलिंडर लदे ट्रक की चपेट में आ गए। हेलमेट नहीं पहनने के कारण सिर में गंभीर चोट आने से मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक चालक को लोगों ने पीछा कर पकड़ लिया।
मूलरूप से चंदौली जिले के सकलडीहा थाने के ताजपुर निवासी चिरंजीव कुमार (45) करीब एक साल एएसपी ग्रामीण के यहां स्टेनो के पद पर तैनात थे। उनका परिवार प्रयागराज जिले में रह रहा था। शुक्रवार की रात ड्यूटी खत्म करने के बाद वह बाइक से प्रयागराज के लिए निकले। देर रात जौनपुर-प्रयागराज हाईवे पर उनकी बाइक फूलपुर के शुक्लाना मुहल्ला पास विपरीत दिशा से आ रही सिलेंडर लदी ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे में चिरंजीव के सिर में गंभीर चोट आई। सड़क पर काफी मात्रा में खून बह गया था। मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस की वर्दी देख आसपास के लोगों ने नजदीकी थाने में सूचना दी। मृतक की पहचान के बाद जौनपुर पुलिस को अवगत कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रयागराज एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध, जौनपुर के एएसपी ग्रामीण संजय राय घटनास्थल पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। चिरंजीव कुमार के परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे और दो बेटियां हैं। हादसे की खबर से जौनपुर पुलिस लाइंस का भी माहौल गमगीन रहा।