फोन से उपकेंद्र से शटडाउन लेने के बाद आपूर्ति चालू कर देने से पोल पर चढ़ा एक लाइनमैन रामआसरे उर्फ नान्हू यादव करेंट लगने से जान गंवा बैठा।
रामनगर ब्लाक के बराईकला गांव में हुई इस घटना के विरोध में ग्रामीणों ने बुधवार को रामनगर में शव रखकर चक्काजाम कर दिया। दो घंटे बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम ने आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया।
इस दौरान वाहनों की कतारें लग गई थीं।नेवढिय़ा क्षेत्र के रामनगर निवासी रामआसरे यादव उर्फ नान्हू यादव बिजली विभाग में संविदा कर्मचारी था।
घर वालों के मुताबिक वह मंगलवार की शाम को बराईकला गांव में तार ठीक करने के लिए पोल पर चढ़ा था। उसने विद्युत उपकेंद्र में फोन कर शटडाउन लिया था।
वह गड़बड़ी ठीक कर नीचे उतरने ही वाला था कि तभी उपकेंद्र से सप्लाई चालू कर दी गई और वह करेंट की चपेट में आकर नीचे गिर गया। गंभीर रूप से झुलसे लाइनमैन को ग्रामीणों ने सीएचसी पहुंचाया।
वहां से उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया, लेकिन उसकी हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने वाराणसी रेफर कर दिया, मगर रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
लाइनमैन की मौत से गुस्साए क्षेत्रीय लोगों ने बुधवार को रामनगर के पास शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया। वे इस घटना के लिए विद्युत उपकेंद्र के कर्मचारियों को दोषी बता रहे थे।
जाम की सूचना मिलने पर कोतवाल डा. विजय उपाध्याय, एसडीएम रामकेश यादव और ब्लाक प्रमुख कैलाश यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिवार वालों को उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद दो घंटे से चल रहा जाम समाप्त हो गया।