चलते-चलते साइकिल से गिरा अधेड़, मौत
अमर उजाला ब्यूरो
जौनपुर। बदलापुर थाना क्षेत्र के उसरा बाजार में रविवार की सुबह साइकिल से गिरकर एक अधेड़ की मौत हो गई। लोगों ने पहले समझा कि प्रवासी मजदूर है और दूर से आने की वजह से गिरकर मौत हो गई। लोगों ने प्रवासी मजदूर समझकर तुरंत पुलिस को सूचना दे दी और उसके पास जाने से कतराते रहे। पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि वह नईगंज मुहल्ला भगीरथ प्रजापति (50) है।
भगीरथ के परिवार के लोगों ने बताया कि तीन दिन पूर्व वह घर से तखागंज गांव में साढ़ू के घर आया था। रविवार की सुबह खाना खाने के बाद साइकिल से घर के लिए निकला। उसरा बाजार में पहुंचने के बाद बोतल में रखा पानी पीया और फिर वहीं साइकिल से लुढ़क गया। बीच सड़क पर ही उसकी जान चली गई। पुत्र धीरज ने बताया कि पिता घर पर ही रहते थे। बदलापुर कोतवाली प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि पूछताछ के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतक प्रवासी मकदूर नहीं था। हार्ट अटैक से मौत की आशंका है। परिजनों से पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है।