रामपुर। रामपुर में ऐतिहासिक भरत मिलाप मेला बुधवार की रात में धूमधाम से संपन्न हुआ। मेले में ऐतिहासिक चौकियों और लागों का प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहा।
इन्हें देखने के लिए बाजार क्षेत्र में भारी भीड़ उमड़ी। पूरी रात श्रद्धालु सड़क के दोनों तरफ डटे रहे। महिलाओं और बच्चों ने मकानों की छतों से मेले का आनंद लिया। चौकियों और लागों के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। बरसात के कारण विजयदशमी और भरत मिलाप का मेला स्थगित कर तीन और चार नवंबर को आयोजित किया गया था। मंगलवार और बुधवार को दिन में मेला मैदान में आयोजन हुआ, जबकि बुधवार की शाम से बाजार क्षेत्र में मेला सज गया। पूरे बाजार को विद्युत राडों और झालरों से सजाया गया था। मुख्य चौराहे पर विद्युत सजावट और ध्वनि प्रसारण की आकर्षक प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
चौकियों के साथ दूर-दराज से आए डीजे भी आकर्षण का केंद्र रहे। बाजार के हनुमान मंदिर के पास चारों भाइयों का मिलन होते ही जय श्रीराम के उद्घोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इस भावुक दृश्य को देखकर कई लोगों की आंखें नम हो गईं। जानकी सहित चारों भाइयों की आरती उतारी गई।
मेला समिति की ओर से लागों और विभिन्न समितियों की चौकियों ने एक से बढ़कर एक प्रदर्शन किया। जय दुर्गा शक्ति समिति, नवयुवक बजरंग दल, महाकाल चौकी समिति, जय मां दुर्गा चौकी समिति, सनातन चौकी समिति और आदर्श चौकी समिति सहित अन्य दलों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। जगह-जगह मंच बनाकर चौकियों और लागों को पुरस्कृत भी किया गया। भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी। थानाध्यक्ष रमेश कुमार सहयोगियों के साथ पूरी रात भ्रमण करते रहे। बिजली निगम की ओर से भी रातभर बिजली आपूर्ति बनाए रखी गई।
इस दौरान चेयरमैन विनोद जायसवाल, अशोक दुबे, पिंटू जायसवाल, पप्पू यादव, हिप्पी जायसवाल, महेंद्र जायसवाल, दीपक जायसवाल, रंजीत जायसवाल, अर्जुन मौर्य, बाला जायसवाल सहित विभिन्न समितियों के सदस्य और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।