जौनपुर। बरसठी थाना क्षेत्र के गहली कठेरवां गांव के पास 22 मार्च को हुए सराफा कारोबारी से लूट मामले में एक और बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि उसे कर्नाटक से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी घटना को अंजाम देकर कर्नाटक भाग गया था। वहीं, इसी मामले में एक लुटेरे को पिछले सप्ताह गुजरात से पकड़कर लाई थी। जबकि एक की तलाश अभी चल रही है।
एसओजी की सर्विलांस टीम ने मोबाइल फोन के बीटीएस से लोकेशन के आधार पर लुटेरों को चिह्नित किया। इसमें आरोपी अभिषेक पांडेय उर्फ भीम निवासी चनेथू थाना सरायममरेज प्रयागराज को नौ मई को गुजरात के सूरत से पकड़कर लाई थी। इसके पास से लूट के 6 हजार 170 रुपये बरामद हुए थे। उसे 13 मई को जेल भेज दिया गया था। जबकि दूसरे आरोपी प्रवीण मिश्र निवासी बभनियांव थाना मीरगंज को पुलिस ने 10 मई को कर्नाटक के खान कटरा बंगलूरू से गिरफ्तार किया। इसके बाद ट्रांजिट रिमांड पर लेकर आई। उसके पास से लूट के 6 हजार 420 रुपये व आभूषण के अलावा तमंचा व अपाची बाइक बरामद हुई। एएसपी ग्रामीण ने बताया कि इस मामले में तीसरे आरोपी आदर्श सिंह निवासी बेहड़ा थाना केराकत फरार है, जिसकी तलाश में टीमें लगाई गई हैं। प्रवीण मिश्र के विरुद्ध बरसठी और मीरगंज थानों में लूट, चोरी, गुंडा एक्ट, रंगदारी के सात जबकि आदर्श सिंह के विरुद्ध चंदवक में लूट, गैंगस्टर एक्ट, धोखाधड़ी के चार मुकदमे दर्ज हैं।