सुरेरी। भदखिन गांव की पाल बस्ती के ग्रामीणों ने मंगलवार की दोपहर पुलिस की कार्यप्रणाली से क्षुब्ध होकर सुल्तानपुर भदखिन मार्ग पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि सुरेरी क्षेत्र में लगातार बकरों की चोरी हो रही है। लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही।
21 मार्च को भदखिन गांव निवासी मोती पाल का 40 से 45 किलो का बकरा चोरी हो गया। कुछ दिनों पश्चात आरोपित की पहचान कराने पीड़ित पुलिस को साथ उसके घर गया। लेकिन आरोपित व उसके परिजन ने पुलिस के सामने ही उसे पीट दिया। इसी तरह से क्षेत्र के मारिकपुर गांव निवासी मटरूराम प्रजापति, सुल्तानपुर गांव निवासी लाल बहादुर चौहान, काकोपुर गांव निवासी कांता, पंकज राजभर, सागर, नंदलाल हरिजन सहित और कई लोगों का बकरा चोरी हो गया है। लेकिन पुलिस मूकदर्शक बनी है। पुलिस की कार्यप्रणाली से नाराज होकर मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया। इस मौके पर नंदलाल, नन्हे लाल, लालचंद राजभर, रविशंकर मिश्रा, प्रधान राजभर, राकेश पाल, राम सिंह यादव, रमेश प्रजापति, मोती पाल, राजेश राजभर, श्याम नारायण मिश्रा मौजूद रहे। थानाध्यक्ष सुरेरी राज नारायन चौरसिया ने बताया कि मुझे प्रदर्शन की जानकारी नहीं है।