अतिक्रमण हटाओ अभियान के नाम पर ज्यादती करने से खफा शीतला चौकिया मंदिर के पंडा और आसपास के दुकानदारों बुधवार को मंदिर का कपाट बंद कर प्रदर्शन किया।
इस दौरान काफी देर तक दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। सूचना पर पहुंची पुलिस सिर्फ नाली तक ही अतिक्रमण हटाने की बात कही तो मामला शांत हुआ।
चौकिया धाम परिसर से अतिक्रमण हटाने के लिए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया था। पिछले दिनों मंदिर परिसर में पहुंचे डीएम ने स्थानीय लोगों को निर्देश दिया था कि वे नाली से अपना अतिक्रमण हटा लें।
अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो प्रशासन खुद अतिक्रमण हटवा देगा। अधिकतर दूकानदारों ने नाली से अतिक्रमण हटा लिया था। सुबह राजस्व अधिकारी मौके पर पहुंचे और नाली से तीन फीट आगे तक अतिक्रमण हटाने की बात कहने
लगे। इसी बात पर दूकानदार और मंदिर के पंडों का गुस्सा भड़क उठा। पंडों ने मंदिर का कपाट बंद कर दिया। जबकि दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लाइन लगी थी। सभी एक साथ प्रदर्शन करने लगे। मामला डीएम के संज्ञान में पहुंचा तो
स्थिति फिर से साफ हुई कि अतिक्रमण सिर्फ नाली तक ही हटेगा। इस आश्वासन पर मामला शांत हुआ और मंदिर का कपाट दर्शन के लिए खोल दिया दया।