चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की मनमानी से आजिज आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बुधवार को बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया तो आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का गुस्सा ठंडा हुआ।
बाल विकास परियोजना कार्यालय पर पहुंची आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कार्यालय में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी से लिपिक का काम लिया जाता है।
कार्यालय में आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषाहार वितरित किए जाने की जिम्मेदारी इसी कर्मचारी को दे दी गई है। आरोप लगाया कि कर्मचारी की मनमानी के चलते पोषाहार लेने के लिए उन्हें एक से अधिक बार कार्यालय आना होता है।
कुछ पूछने पर वह सीधे जवाब भी नहीं देता। कार्यकर्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार भी करता है। सीडीपीओ शकुंतला पांडेय ने कहा कि जब आंगनबाड़ी प्रदर्शन कर रही थी तो मै नहीं थी। डीपीओ तक बात पहुंचा दूंगी।
जिला कार्यक्रम अधिकारी पवन यादव ने कहा कि संबंधित कर्मचारी की इसके पहले भी शिकायत मिली थी चेतावनी देकर छोड़ दिया गया था। इस बार सीडीपीओ से आख्या मांगी गई है।
जांच आख्या के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रदर्शन करने वालों में आशा सिंह, सावित्री सेठ, रंजना गुप्ता, कुसुम देवी, सपना सिंह, किरन, उर्मिला तिवारी, सीमा सिंह, मीरा निर्मला देवी, नीता, छाया आदि मौजूद थीं।