शाहगंज। कोतवाली क्षेत्र के सुबह ताखा पूरब स्थित आंबेडकर बस्ती में स्थापित बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को सोमवार को सुबह अराजक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस के अनुसार स्थानीय लोगों के अनुसार यह प्रतिमा बगैर प्रशासनिक अनुमति के लगाई गई थी, लेकिन गांव के लोग इसे आस्था और सम्मान के प्रतीक के रूप में देखते थे। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और मौके पर भारी भीड़ जुट गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त प्रतिमा की मरम्मत कराई। इस संबंध में पूछे जाने पर प्रधानपति मनोज पासवान ने बताया कि मूर्ति क्षतिग्रस्त हो गई थी। जिसको प्रशासन द्वारा दुरुस्त कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान का कहना है कि क्षेत्र में सौहार्द बनाए रखने के लिए सभी से शांति बनाए रखने की अपील की गई है। अराजक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।