केराकत-जौनपुर मार्ग पर मुर्तजाबाद (देवाकलपुर) के पास शनिवार को एंबुलेंस की टक्कर से सात वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। हादसे को देख मौके पर जुटे लोगों ने एंबुलेंस को घेर लिया और चालक की जमकर पिटाई की।
सूचना पर पहुंची पुलिस से लोगों ने धक्का मुक्की करने के बाद रास्ता जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे एसडीएम और सीओ ने मुआवजा दिए जाने का आश्वासन दिया तो जाम समाप्त हुआ।
आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र के खराट गांव निवासी दूधनाथ प्रसाद अपनी पत्नी और बच्चे को लेकर रक्षाबंधन पर ससुराल आया था।
जहां सड़क पार करने के दौरान उसका इकलौता पुत्र सात वर्षीय सिपाही 102 नंबर एंबुलेंस की चपेट में आ गया। बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। बच्चे की मौत से परिवार में मातम का माहौल हो गया।
उधर लोगों ने एंबुलेंस चालक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की। पिटाई में सुल्तानपुर जिले के शाहपुर लंभुआ निवासी चालक सुरेश यादव को चोर्टें आइं।
लोगों ने शव सड़क पर रख कर मुर्तजाबाद में जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे एसडीएम सुशील लाल श्रीवास्तव, सीओ जटाशंकर राव, इंस्पेक्टर केराकत सत्येंद्रनाथ तिवारी ने तीन लाख रुपये मुआवजा और 25 हजार रुपये तात्कालिक
सहायता राशि दिलाने का आश्वासन देकर जाम समाप्त करवाया। उधर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे के बाद बच्चे की पारिवारिक स्थित को देखते हुए सीओ जटाशंकर राव ने अपने पास से 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता बच्चे के घर वालों को दी।