स्कूल चलो अभियान और शत प्रतिशत नवीन नामांकन के तहत शुक्रवार को इंग्लिश मीडियम प्राइमरी स्कूल चकताली सिरकोनी में स्कूल चलो रैली का आयोजन किया गया। बीएसए डा. गोरखनाथ पटेल ने कहा कि सभी बच्चों का स्कूल में नामांकन करने के साथ ही उनका विद्यालय में ठहराव भी सुनिश्चित होना चाहिए। अभिभावकों को प्रेरित करते हुए कहा कि मैं भी एक किसान का बेटा हूं। शिक्षा की ही बदौलत इस पद पर पहुंचा हूं।
प्रधानाध्यापक डा. ऊषा सिंह के नेतृत्व में आयोजित उक्त कार्यक्रम में छात्रों ने शिक्षा जागरूकता से संबंधित आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति कर सभी का मन मोह लिया। खंड शिक्षाधिकारी शशांक सिंह ने कहा कि यह शिक्षकों की मेहनत का परिणाम है कि सिरकोनी ब्लाक अपने लक्ष्य के प्राप्ति की ओर है। लेकिन हमें यहीं रुकना नहीं है, बल्कि कोई बच्चा छूटने न पाए इसलिए प्रयास करते रहना है। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अरविंद शुक्ला ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में योग्यतम शिक्षक दबे कुचले पिछड़े परिवारों के बच्चों का जीवन संवारने का काम कर रहे हैं। इस मौके पर एसआरजी डाक्टर अखिलेश सिंह, लक्ष्मीकांत यादव, दिनेश प्रताप सिंह, यशवंत सिंह, सुरेश चंद्र पांडेय, एआरपी अशोक राजभर, सुनील सिंह, पंकज यादव, संजय सिंह, प्रधान ललिता आदि मौजूद रहे।
ईंट भट्ठा पर श्रमिकों के बच्चों का कराया दाखिला
बक्शा क्षेत्र के कई गावों में शुक्रवार को शासन के निर्देश पर डीसी सामुदायिक सहभागिता आशीष श्रीवास्तव ने भ्रमण कर बच्चों के नामांकन की समीक्षा की। नामांकन सुदृढ़ करने के लिए बक्शा न्याय पंचायत के कौली, भिवरहा, गोपालापुर, बबुरा व मलिकानपुर की अनुसूचित बस्ती, पाल बस्ती, पासी बस्ती, यादव बस्ती, ब्राह्मण व क्षत्रिय बस्ती में भ्रमण कर बच्चों के नामांकन के लिए प्रेरित किया। आशीष ने कौली व बबुरा ईंट उद्योग पर भठ्ठा मालिक अरविंद सिंह को बुलाकर बच्चों के नामांकन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने ईंट भट्ठे पर मौजूद श्रमिकों के साथ सरकार द्वारा दी जाने वाली सहायता राशि की बिन्दुवार जानकारी दी। इस दौरान कौली के प्रधानाध्यापक सरोज सिंह, एआरपी लालसाहब यादव, चतुर्भुज यादव, परवीन सिह, अवनीश श्रीवास्तव, मधुलिका अस्थाना, वीरेंद्र व प्रतिभा मौजूद रहीं।