टीकाकरण को गति देने के लिए केंद्रों की संख्या बढ़ाने के साथ ही पहले से चिह्नित 16 केंद्रों पर टीका लगाने की क्षमता भी बढ़ा दी गई है। अब पुराने इन केंद्रों पर रोजाना 150 लोगों को टीका लगाया जाएगा। नए बने आठ केंद्रों पर 100-100 लोगों को टीका लगाने की व्यवस्था होगी। वहीं रविवार को सुबह 10 बजे स्लॉट खुलने के आधे घंटे बाद ही सभी केंद्रों पर जगह भर गई। इसके बाद दिन भर लोग स्लॉट बुक करने के लिए परेशान रहे।
एक जून से शुरू हुए 18-44 वर्ष आयु वालों के टीकाकरण के लिए पहले कुल 16 केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों पर रोजाना 100 लोगों को टीका लगाया जा रहा था। टीकाकरण कराने वालों की बड़ी संख्या और केंद्रों पर भीड़ के मद्देनजर अब आठ नए केंद्र बनाए गए हैं। इनमें दो महिला स्पेशल भी शामिल हैं। इसके लिए उन्हें पोर्टल पर अग्रिम पंजीकरण कराना होगा। रविवार से स्लाट बुकिंग आरंभ हुई। सुबह 10 बजे से पोर्टल पर स्लॉट खुलने के बाद आधे घंटे के भीतर ही सभी केंद्रों पर एक भी जगह खाली नहीं रह गई थी।