जौनपुर/खेतासराय। अलीगढ़ में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद पुलिस और आबकारी विभाग की टीम रविवार को भी मुस्तैद रही। अभियान चलाकर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में शराब की दुकानों की जांच की गई। हालांकि जांच के दौरान किसी भी केंद्र पर कोई गड़बड़ी पकड़ में नहीं आई। एसपी राजकरन नय्यर के निर्देश पर सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस ने अभियान चलाया। इस दौरान दुकानों में शराब के स्टॉक, बिक्री, रेट, साफ-सफाई सहित अन्य मानकों की पड़ताल हुई। बिक्री में कोविड बचाव मानकों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया। उधर, खेतासराय में शाहगंज सीओ अंकित कुमार ने इंस्पेक्टर राजेश यादव और आबकारी निरीक्षक प्रदीप मिश्रा के साथ खेतासराय, गोरारी, जमदहां, मानीकला, जमदहां समेत कई स्थानों पर शराब की दुकानों की जांच की। सीओ ने बताया कि दुकानों पर साफ सफाई और ओवररेटिंग की जांच की गई। खेतासराय में शराब की दुकान पर सफाई न होने पर जुर्माना लगाने को कहा गया।